सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिला कारागार में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पावन पर्व अत्यंत भावुक माहौल में मनाया गया। सुबह से ही बहनों की भारी भीड़ अपने बंदी भाइयों से मिलने जेल परिसर पहुंची। जेल अधीक्षक प्रीति यादव के निर्देशन में सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के बीच अलग-अलग शिफ्टों में लगभग 250 बंदियों से उनकी बहनों की मुलाकात कराई गई।
मुलाकात के दौरान चारदीवारी के भीतर स्नेह और संवेदनाओं की अनूठी तस्वीर दिखी। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा, उनका मुंह मीठा कराया और उनके दीर्घायु व सुखमय जीवन की प्रार्थना की। इस दौरान कई भाइयों की आंखें नम हो गईं।
बहनों के समझाने पर बंदियों ने भविष्य में अपराध व गलत रास्तों से दूर रहने और परिवार की उम्मीदों पर खरा उतरने का दृढ़ संकल्प लिया। जेल प्रशासन के व्यवस्थित इंतजामों के चलते सभी मुलाकातें शांतिपूर्ण संपन्न हुईं।


0 टिप्पणियाँ